कोरबा जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई. स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते उससे कूदकर अपनी जान बचाई. आग में वाहन पूरी तरह जल गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहे थे. भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचने पर स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में धुआं बढ़ गया और वाहन में आग भड़क उठी.

लोगों ने बुझाने की कोशिश की

आग लगते ही दोनों ने स्कूटी रोकने की कोशिश की और किसी तरह उससे नीचे कूद गए. उनके सुरक्षित हटने के बाद आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया. आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन जलकर खाक हो गया. मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई.

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई. समय रहते स्कूटी से उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया.

कटघोरा में भी सामने आ चुकी है घटना

कुछ दिन पहले कोरबा जिले के कटघोरा कॉलेज के पास भी इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी. उस घटना में भी स्कूटी सवार परिवार बाल-बाल बचा था. भिलाईबाजार की घटना में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है.