कोरबा में मुड़ापार पेट्रोल पंप मोड़ के पास रविवार दोपहर एक गैरेज में मरम्मत के दौरान पल्सर बाइक में आग लग गई. घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र की है. आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
जानकारी के मुताबिक, बाइक स्टार्ट नहीं हो रही थी. मालिक उसे धक्का देकर गैरेज तक लाया था. मिस्त्री मरम्मत का काम कर रहा था. इसी दौरान किक मारने पर चिंगारी निकली और बाइक में आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
गैरेज और आसपास खड़ी दूसरी बाइकों को बचाने के लिए मिस्त्री ने जलती हुई बाइक को किसी तरह बाहर सड़क पर पहुंचाया. इसके बाद दमकल वाहन और मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई. दमकलकर्मियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी.
प्रारंभिक जानकारी में बाइक से पेट्रोल रिसाव की बात सामने आई है. आशंका जताई जा रही है कि मरम्मत के दौरान किक मारने से निकली चिंगारी के कारण आग लगी. हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
