KTM 200 Duke को जल्द ही कई महत्वपूर्ण फीचर अपडेट के साथ पेश किया जा सकता है. अपडेटेड मोटरसाइकिल को आधिकारिक लॉन्च से पहले एक डीलरशिप पर देखा गया है. इसमें बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, राइड मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर शामिल किए जाने की जानकारी है.

KTM 200 Duke में क्या बदलेगा

नई बाइक में बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर दिया जाएगा, जैसा KTM 390 Duke और 250 Duke में मिलता है. राइड-बाय-वायर थ्रॉटल जुड़ने से मोटरसाइकिल में अलग-अलग राइड मोड और ट्रैक्शन कंट्रोल को शामिल किया जा सकेगा. इसके अलावा, दाईं ओर का स्विचगियर भी बदला हुआ नजर आता है. यह यूनिट KTM 390 Duke के स्विचगियर से मिलता-जुलता है, जबकि बाईं ओर का स्विचगियर पहले जैसा दिखता है.

राइड-बाय-वायर सिस्टम मिलने के बावजूद बाइक में क्रूज कंट्रोल दिए जाने की जानकारी नहीं है. मोटरसाइकिल के बाकी हिस्सों में बड़े बदलाव की संभावना कम है. इस साल की शुरुआत में 200 Duke में बड़ा फ्रंट डिस्क और हल्के पहिए जैसे अपडेट किए गए थे.

इंजन और संभावित कीमत

अपडेटेड KTM 200 Duke में मौजूदा 199.5cc, लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन बरकरार रहने की संभावना है. यह इंजन 10,000rpm पर 25hp और 8,000rpm पर 19.3Nm टॉर्क पैदा करता है. इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है. बाइक में 43mm USD फ्रंट फोर्क और WP मोनोशॉक सस्पेंशन भी जारी रह सकते हैं.

दिल्ली में KTM 200 Duke की मौजूदा एक्स-शोरूम कीमत 2.05 लाख रुपये है. रिपोर्ट के अनुसार, नए फीचर जुड़ने के बाद कीमत में करीब 4,000 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है. इसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी Bajaj Pulsar NS200 है, जिसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.60 लाख रुपये बताई गई है.