1 नवंबर से टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले पात्र निजी वाहन मालिकों के लिए स्थानीय वार्षिक टोल पास की सुविधा शुरू होगी. इसकी कीमत नगरपालिका या शहरी क्षेत्र की सीमा के बाहर स्थित टोल प्लाजा के लिए 1,500 रुपये तय की गई है. यह पास पहले से उपलब्ध 3,075 रुपये वाले FASTag वार्षिक पास से अलग होगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया है कि नया पास राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के लिए है. इसका इस्तेमाल बार-बार किसी निश्चित टोल प्लाजा से गुजरने वाले लोगों को रियायती दर पर सुविधा देने के लिए किया जाएगा.

Rajmargyatra ऐप से ऐसे करें आवेदन

आवेदन के लिए Rajmargyatra ऐप को Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड करना होगा. मोबाइल नंबर से लॉग इन करने के बाद होमपेज पर दिए गए ‘Annual Pass’ और ‘Local Pass’ विकल्पों में से ‘Local Pass’ चुनना होगा.

आवेदक के पास आधार-लिंक्ड DigiLocker अकाउंट और वैध, कार्यशील FASTag होना चाहिए. वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज करना होगा. वाहन की RC और आधार पर दर्ज नाम एक होना जरूरी है. इसके बाद संबंधित टोल प्लाजा चुनकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी और ऑनलाइन भुगतान करना होगा.

यह पास किसी भी टोल प्लाजा पर लागू नहीं होगा, बल्कि आवेदन के दौरान चुने गए एक निश्चित टोल प्लाजा के लिए मान्य होगा. नगरपालिका या शहरी क्षेत्र की सीमा के भीतर आने वाले टोल प्लाजा के लिए इसकी कीमत 3,000 रुपये होगी. सरकार हर साल अप्रैल में शुल्क की समीक्षा कर सकती है.

क्लोज्ड यूजर फीस कलेक्शन सिस्टम वाले राष्ट्रीय राजमार्ग या एक्सप्रेसवे इस सुविधा के दायरे में नहीं होंगे. ऐसे टोल प्लाजा पर भी पास लागू नहीं होगा जहां सर्विस रोड या आने-जाने का कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है.