मध्य प्रदेश सरकार ने होटल, आउटडोर कैटरिंग, इलेक्ट्रिक वाहन परिवहन और डिलीवरी सेवाओं से जुड़े GST प्रावधानों में संशोधन किया है. वाणिज्यिक कर विभाग की 18 नवंबर 2026 की राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, ये बदलाव 1 नवंबर 2026 से प्रभावी माने गए हैं.
नए प्रावधानों के तहत समान कारोबारी श्रेणी से खरीदी गई इनपुट सेवाओं पर सीमित Input Tax Credit (ITC) की अनुमति दी गई है. उदाहरण के तौर पर, किसी होटल द्वारा दूसरे होटल से कमरे लेने पर संबंधित इनपुट सेवा का ITC लिया जा सकेगा, लेकिन यह सीमा 2.5 प्रतिशत तक रहेगी. इसी तरह, एक कैटरिंग कंपनी द्वारा दूसरी कैटरिंग कंपनी से ली गई सेवा पर भी अधिकतम 2.5 प्रतिशत ITC लागू होगा.
इलेक्ट्रिक वाहन से यात्री या माल परिवहन करने वाली कंपनी, यदि किसी अन्य सेवा प्रदाता से ऐसी सेवा लेती है, तो समान कारोबार से जुड़ी इनपुट सेवा पर अधिकतम 2.5 प्रतिशत ITC ले सकेगी. अधिसूचना में डिलीवरी सेवाओं और Goods Transport Agency की परिभाषा से जुड़े प्रावधानों में भी बदलाव किया गया है.
