महाराष्ट्र सरकार ने 2030 तक राज्य में होने वाले नए वाहन पंजीकरणों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 30% तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. यह लक्ष्य महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2025 का हिस्सा है, जिसे 1 अप्रैल 2025 से लागू किया गया है और इसकी अवधि 31 मार्च 2030 तक है.
नीति के अनुसार, नए इलेक्ट्रिक दोपहिया और कुछ श्रेणियों के तिपहिया वाहनों के लिए 40% तक हिस्सेदारी का लक्ष्य तय किया गया है. नई इलेक्ट्रिक कारों के पंजीकरण में 30%, हल्के मालवाहक वाहनों में 25% और भारी मालवाहक वाहनों में 20% तक का लक्ष्य रखा गया है.
मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और अमरावती जैसे छह बड़े शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन बस बेड़े का 40% इलेक्ट्रिक करने का भी लक्ष्य है. नीति में राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने, बैटरी विकास व रीसाइक्लिंग तथा EV विनिर्माण को प्रोत्साहन देने का प्रावधान है.
सरकार का अनुमान है कि नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से 2030 तक परिवहन क्षेत्र से PM2.5 उत्सर्जन में करीब 325 टन और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में लगभग 10 लाख टन की कमी आ सकती है.
