Mahindra XUV 7XO को Bharat NCAP के क्रैश टेस्ट में वयस्क और बाल यात्रियों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार रेटिंग मिली है. SUV ने Adult Occupant Protection (AOP) में 32 में से 30.76 अंक और Child Occupant Protection (COP) में 49 में से 44.97 अंक हासिल किए. परीक्षण 7-सीटर AX7 डीजल-ऑटोमैटिक के FWD और AWD वेरिएंट पर किया गया, जबकि 5-स्टार रेटिंग XUV 7XO के सभी वेरिएंट पर लागू बताई गई है.
वयस्क यात्रियों की सुरक्षा
AOP परीक्षण में फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में SUV को 16 में से 14.76 अंक मिले. ड्राइवर के सिर, गर्दन, पेल्विस, जांघों और पैरों को ‘अच्छी’ सुरक्षा मिली, जबकि छाती और टिबिया की सुरक्षा को ‘पर्याप्त’ आंका गया. को-ड्राइवर की टिबिया को छोड़कर अन्य अहम हिस्सों को भी अच्छी सुरक्षा मिली.
साइड-मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में यात्रियों के सिर, छाती, पेट और पेल्विस समेत सभी महत्वपूर्ण हिस्सों को अच्छी सुरक्षा मिली. साइड-पोल इम्पैक्ट टेस्ट में नतीजा ‘OK’ रहा.
बच्चों की सुरक्षा में मिले 44.97 अंक
COP टेस्ट में 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी के लिए रियर-फेसिंग चाइल्ड सीट का इस्तेमाल किया गया. फ्रंटल क्रैश टेस्ट में 18 महीने के डमी को 8 में से 7.97 अंक और 3 साल के डमी को पूरे 8 अंक मिले. साइड क्रैश टेस्ट में दोनों ने 4 में से 4 अंक हासिल किए.
डायनेमिक चाइल्ड प्रोटेक्शन स्कोर 24 में से 23.97 रहा. Child Restraint System (CRS) इंस्टॉलेशन में पूरे 12 अंक मिले, जबकि व्हीकल असेसमेंट में 13 में से 9 अंक मिले.
XUV 7XO में मानक तौर पर 6 एयरबैग, हिल-होल्ड और हिल-डिसेंट असिस्ट, ISOFIX एंकर, ट्रैक्शन कंट्रोल और ESC दिए गए हैं. ऊंचे वेरिएंट में 360-डिग्री कैमरा, Level 2 ADAS और TPMS भी मिलता है. इससे पहले XUV700 को 2021 में Global NCAP के परीक्षण में वयस्क सुरक्षा के लिए 5 स्टार और बाल सुरक्षा के लिए 4 स्टार मिले थे.
