Maruti Suzuki की आगामी इलेक्ट्रिक MPV, जिसे फिलहाल YMC कोडनेम दिया गया है, को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. सामने आए टेस्ट मॉडल से इसके बाहरी डिजाइन और संभावित इंटीरियर की कुछ जानकारी मिली है. कंपनी इस मॉडल को 2026 के अंत तक पेश कर सकती है, जबकि बाजार में लॉन्च 2027 में होने की संभावना जताई गई है.

बॉक्सी डिजाइन और कनेक्टेड लाइटिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, YMC के फ्रंट में wraparound LED हेडलैंप दिए गए हैं, जिनका डिजाइन Maruti Victoris से मिलता-जुलता दिखता है. हेडलैंप में नीचे की ओर जाती हुई स्लैटेड डे-टाइम रनिंग लाइट्स नजर आती हैं. दोनों हेडलैंप के बीच एक कनेक्टिंग एलिमेंट भी दिखा है, लेकिन यह प्रोडक्शन मॉडल में LED स्ट्रिप होगा या क्रोम अथवा प्लास्टिक ट्रिम, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण फ्रंट फेसिया काफी हद तक बंद है. बंपर के ऊपर पतला एयर इनटेक और नीचे चौड़ा एयर डैम दिखाई देता है. साइड प्रोफाइल बॉक्सी और सीधी है, जबकि व्हील आर्च और ग्लास एरिया को स्क्वॉयर शेप दी गई है. पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में लाइट बार और रिफ्लेक्टर वाला बड़ा बंपर दिखता है. टेस्ट मॉडल में रूफ स्पॉयलर नजर नहीं आया है.

प्रोटोटाइप के इंटीरियर की तस्वीर में e Vitara जैसा connected-screen setup दिखाई देता है. हालांकि, इस तस्वीर से केबिन के बाकी फीचर्स की पुष्टि नहीं होती.

e Vitara से संभावित बैटरी और मोटर

YMC में e Vitara के 49kWh और 61kWh बैटरी विकल्प मिलने की संभावना है. दोनों विकल्पों के साथ 189Nm का फ्रंट-माउंटेड मोटर दिया जा सकता है. 49kWh संस्करण में मोटर का आउटपुट 144hp और 61kWh संस्करण में 174hp बताया गया है.

e Vitara की दावा की गई ARAI रेंज क्रमशः 440 किलोमीटर और 543 किलोमीटर है. YMC का आकार बड़ा होने के कारण इसकी रेंज इन आंकड़ों से कम रह सकती है. इसकी कीमत अभी सामने नहीं आई है. मॉडल का मुकाबला Kia Carens Clavis EV से हो सकता है.