McLaren अपने दो प्रमुख मॉडल GTS और Artura को 2028 के अंत तक लाइन-अप से हटाने की योजना बना रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इसके बाद नए मॉडल और नई हाइब्रिड पावरट्रेन पेश करने पर ध्यान देगी. आने वाले मॉडलों में McLaren की पहली SUV भी शामिल होगी.

GTS पहले होगा बंद

McLaren GTS को कंपनी के मौजूदा कोर मॉडल्स में सबसे पहले बंद किया जा सकता है. यह मॉडल दिसंबर 2023 में McLaren GT के फेसलिफ्टेड संस्करण के तौर पर आया था. इसमें 4.0-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन है, जो 635hp की पावर और 630Nm का टॉर्क देता है. रिपोर्ट के मुताबिक, GTS को संभवतः 2027 में विदाई दी जाएगी.

इसके बाद Artura का उत्पादन समाप्त होने की संभावना है. इस हाइब्रिड सुपरकार में 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो V6 इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन है. दोनों मिलकर 700hp की पावर और 720Nm का टॉर्क देते हैं. फरवरी 2021 में पेश की गई Artura के विकास पर सेमीकंडक्टर की कमी और सप्लाई-चेन से जुड़ी समस्याओं का असर पड़ा था. इसके बावजूद यह McLaren के लोकप्रिय मॉडलों में शामिल रही है.

नए मॉडल और SUV की तैयारी

McLaren नए हाइब्रिड पावरट्रेन खुद विकसित करने की तैयारी में है. कंपनी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Michael Straughan के मुताबिक, भविष्य के मॉडल केवल रियर-इंजन और रियर-व्हील-ड्राइव तक सीमित नहीं होंगे. कंपनी फ्रंट-इंजन लेआउट के साथ ऑल-व्हील-ड्राइव या रियर-व्हील-ड्राइव विकल्पों पर भी काम कर सकती है.

2028 तक एक नई McLaren सुपरकार पेश किए जाने की संभावना है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह Artura की उत्तराधिकारी होगी या नया मॉडल. रिपोर्ट में इसके लिए ट्विन-टर्बो V6 हाइब्रिड सेटअप और 1,085Nm टॉर्क का उल्लेख किया गया है. SUV के लिए विकसित फ्रंट-इंजन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भविष्य में चार-सीटर ग्रैंड टूरर समेत अन्य मॉडलों में भी किया जा सकता है.