Hyundai Creta के नए जनरेशन मॉडल पर कंपनी काम कर रही है. इसे SX3 कोडनेम के साथ टेस्ट किया जा रहा है और हाल में यह SUV मनाली में टेस्टिंग के दौरान नजर आई. रिपोर्ट के मुताबिक, नई Creta को भारतीय बाजार में 2027 के मध्य तक लॉन्च किया जा सकता है. हालांकि, कंपनी ने लॉन्च की आधिकारिक तारीख और फीचर्स की पूरी जानकारी साझा नहीं की है.
डिजाइन में दिखेंगे बदलाव
टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में नई Creta को नए एलॉय व्हील डिजाइन और ज्यादा आधुनिक डोर हैंडल के साथ देखा गया है. SUV में Venue जैसी बॉक्सी ग्रिल और रेक्टेंगुलर डिजाइन एलिमेंट्स दिए जाने की संभावना है. इसके अलावा, स्प्लिट-स्टाइल LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, तीन हिस्सों में बंटी LED टेललाइट्स और आगे-पीछे पार्किंग सेंसर मिलने की बात कही गई है.
टेस्ट कार में रडार सेंसर दिखाई दिया है. इससे संकेत मिलता है कि नई Creta में ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम दिया जा सकता है. ORVM पर कैमरा पॉड और फ्लश-टाइप डोर हैंडल भी देखे गए हैं, लेकिन इन फीचर्स की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है.
नया प्लेटफॉर्म और संभावित हाइब्रिड इंजन
नई Creta को Hyundai के K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की जानकारी है. इसी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नई Seltos में भी किया गया है. नई SUV का आकार मौजूदा मॉडल से बड़ा और केबिन अधिक spacious होने की उम्मीद है.
पावरट्रेन में सबसे बड़ा बदलाव स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सेटअप के रूप में देखने को मिल सकता है. यह मौजूदा 1.5 लीटर, चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित हो सकता है, जो वर्तमान मॉडल में 115 एचपी की पावर देता है. मौजूदा 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 160 एचपी और 1.5 लीटर डीजल इंजन 116 एचपी की पावर देता है. रिपोर्ट के अनुसार, ये इंजन भी आगे जारी रह सकते हैं. मौजूदा Hyundai Creta की शुरुआती कीमत 10.91 लाख रुपये है.
