Toyota अपनी लोकप्रिय SUV Fortuner के अपडेटेड वर्जन को 1 दिसंबर को ग्लोबल मार्केट में पेश करने की तैयारी में है. यह अनवील दक्षिण अफ्रीका में होने की जानकारी सामने आई है. भारत में भी नई Fortuner लाने की योजना है, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. भारत में इसे 2027 के दौरान पेश किए जाने की संभावना जताई जा रही है.

लॉन्च से पहले अपडेटेड SUV को अर्जेंटीना में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. अर्जेंटीना और ब्राजील के बाजारों में यही मॉडल SW4 नाम से बेचा जाता है. टेस्टिंग वाहन पूरी तरह कैमोफ्लॉज से ढका था, इसलिए इसके सभी छोटे-बड़े बदलावों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.

नई Fortuner में संभावित डिजाइन बदलाव

नई Fortuner की ओवरऑल पहचान मौजूदा मॉडल जैसी रह सकती है, लेकिन इसके फ्रंट डिजाइन में बड़ा बदलाव दिखाई देगा. इसका अगला हिस्सा नई Toyota Hilux से प्रेरित होने की संभावना है. स्पाई शॉट्स में शार्प लाइटिंग एलिमेंट्स और मेश-स्टाइल ग्रिल नजर आई है. SUV में नए एयर वेंट्स और रिडिजाइन फ्रंट बंपर के साथ पहले से ज्यादा उठी हुई स्टांस मिलने की उम्मीद है.

साइड प्रोफाइल में मामूली बदलाव और नए अलॉय व्हील्स दिए जा सकते हैं. पीछे की तरफ रिवाइज्ड टेललैम्प्स, कनेक्टेड LED लाइट बार और नया टेलगेट मिलने की संभावना है.

केबिन में रिडिजाइन स्टीयरिंग व्हील, नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम दिए जा सकते हैं. सेफ्टी फीचर्स में ADAS पैकेज शामिल होने की संभावना है. मॉडल में Hilux और Tacoma से कुछ पार्ट साझा किए जा सकते हैं.

भारत में नई Fortuner में मौजूदा 2.8 लीटर डीजल इंजन जारी रहने की संभावना है. इसके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प मिल सकते हैं. 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन की वापसी की संभावना भी बताई गई है, हालांकि इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.