केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने E20 ईंधन को लेकर हुए विरोध पर कहा है कि करीब तीन महीने पहले इसके खिलाफ काफी शोर मचाया गया था, लेकिन अब यह विरोध खत्म हो गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह अभियान पैसे देकर चलाया गया था. उनका बयान केंद्र सरकार की ओर से 100% एथेनॉल-मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को मंजूरी दिए जाने के एक दिन बाद आया है.

E20 ईंधन में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल होता है. इसके विरोध में दावा किया गया था कि 2023 से पहले बनी पेट्रोल गाड़ियों, खासकर पुराने दोपहिया वाहनों के मालिकों को कम माइलेज, बढ़े रखरखाव खर्च और इंजन के पुर्जों के जल्दी खराब होने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने भी पुराने दोपहिया वाहनों के लिए E10 पेट्रोल की बिक्री फिर शुरू करने की जरूरत बताई है.

सरकार के अनुसार, भारत ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से कच्चे तेल के आयात पर 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचाई है. इससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हुई, प्रदूषण घटा और किसानों को लाभ मिला. अमेरिका, ब्राजील और जापान में भी एथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल का इस्तेमाल होता है. भारत ने पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने का लक्ष्य पांच साल पहले हासिल किया था और 1 अप्रैल से देशभर में E20 पेट्रोल की आपूर्ति शुरू की गई. सरकार का लक्ष्य 2030 तक मिश्रण को 30% तक बढ़ाना है.

एथेनॉल की तीन पीढ़ियों पर जोर

देश में पहली पीढ़ी का एथेनॉल गन्ने के रस, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से बनाया जाता है. दूसरी पीढ़ी का एथेनॉल चावल और गेहूं की भूसी, भुट्टे, बांस तथा लकड़ी जैसे जैविक अवशेषों से तैयार होता है. सरकार अब तीसरी पीढ़ी के जैव ईंधन पर भी ध्यान दे रही है.