टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाना या उसमें छेड़छाड़ करना वाहन चालकों को महंगा पड़ सकता है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग व्यवस्था के तहत ऐसे मामलों में निर्धारित टोल शुल्क के पांच गुना तक अतिरिक्त जुर्माना लगाने का प्रस्ताव रखा है.
मंत्रालय के अनुसार, यह रकम मूल टोल शुल्क के अलावा वसूली जाएगी. इसका मतलब है कि यदि किसी वाहन का टोल ₹100 है और चालक को जानबूझकर टोल से बचने का दोषी पाया जाता है, तो उसे ₹100 का टोल और ₹500 का अतिरिक्त जुर्माना देना होगा. कुल भुगतान ₹600 होगा.
किन मामलों में लागू हो सकता है जुर्माना
प्रस्तावित व्यवस्था में वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट छिपाने, प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने और FASTag नहीं लगाने जैसे मामलों को शामिल किया गया है. हालांकि, पांच गुना जुर्माना तभी लागू होगा जब यह साबित हो कि चालक ने जानबूझकर टोल शुल्क से बचने की कोशिश की थी.
MLFF प्रणाली में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होती. सड़क के ऊपर लगाए गए गैंट्री पर FASTag रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे वाहन की पहचान करते हैं. इसके बाद निर्धारित टोल शुल्क अपने आप काटा जाता है.
इस तकनीक का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाली कतारों, ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत और प्रदूषण को कम करना है. मंत्रालय के मुताबिक, यह जुर्माना उन स्थानों पर लागू करने की योजना है जहां MLFF व्यवस्था पहले से मौजूद है. भविष्य में इस प्रणाली के तहत आने वाले नए स्थानों पर भी इसे लागू किया जा सकता है.
मंत्रालय ने वाहन चालकों से नंबर प्लेट को साफ और स्पष्ट रखने, FASTag लगवाने तथा टोल शुल्क समय पर चुकाने की सलाह दी है.
