ओडिशा सरकार ने सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार के लिए केंद्र को 290 नए चार्जिंग स्टेशनों का प्रस्ताव भेजा है. यह प्रस्ताव PM Electric Drive Revolution in Innovative Vehicle Enhancement (PM E-DRIVE) योजना के दूसरे चरण के तहत रखा गया है.

प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशन राउरकेला, तालचेर, संबलपुर, पारादीप, बारबिल, बेलपहाड़, बरहामपुर, ब्रजराजनगर, छत्रपुर, झारसुगुड़ा, जोड़ा, क्योंझर और राजगंगपुर में स्थापित किए जाने हैं. राज्य ने लंबी दूरी के ईवी सफर को आसान बनाने के लिए राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे भी स्थान चिह्नित किए हैं.

पर्यटन विभाग के 68 वे-साइड एमेनिटी सेंटरों और छह अन्य रणनीतिक स्थानों को चार्जिंग सुविधाओं के लिए चिह्नित किया गया है. इनमें पारादीप-बारबिल कॉरिडोर के कुछ हिस्से भी शामिल हैं.

PM E-DRIVE के पहले चरण में 170 सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की मंजूरी मिल चुकी है और उनका क्रियान्वयन जारी है. परियोजना के लिए BHEL को कार्यान्वयन एजेंसी बनाया गया है. राज्य अपने स्तर पर भी 500 से अधिक चार्जिंग स्टेशन विकसित कर रहा है.