छत्तीसगढ़ में ओला इलेक्ट्रिक के करीब 3 हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन लंबित बताया गया है. इसके अलावा बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सरकारी सब्सिडी के आवेदन भी नहीं किए गए हैं. इससे पात्र वाहन मालिकों को योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है.

मामले में छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने ओला इलेक्ट्रिक को नोटिस जारी कर लंबित रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी आवेदनों के संबंध में जवाब मांगा है. परिवहन आयुक्त कार्यालय की जानकारी के अनुसार, कंपनी की ओर से जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी नहीं की गईं. इसी आधार पर मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत नोटिस जारी किया गया है.

वाहन मालिकों पर असर

सरकारी योजना के तहत पात्र इलेक्ट्रिक वाहन खरीदारों को सब्सिडी का लाभ मिल सकता है. हालांकि, वाहनों के लिए आवेदन जमा नहीं होने से मालिकों को लाभ प्राप्त करने में कठिनाई आ रही है. विभाग ने कहा है कि रजिस्ट्रेशन और सब्सिडी से जुड़ी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करना जरूरी है, ताकि खरीदारों को परेशानी न हो.

कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में अपना पक्ष रखने और लंबित मामलों पर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग के अनुसार, यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.