केंद्र सरकार ने पुराने वाहनों की स्क्रैपिंग और वाहन निर्माताओं की Extended Producer Responsibility (EPR) से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए प्रावधान के तहत EPR की विशेष जिम्मेदारी केवल उन वाहन निर्माता कंपनियों पर लागू होगी, जो अपना कारोबार स्थायी रूप से बंद कर देंगी. कारोबार जारी रखने वाली कंपनियों को इस विशेष प्रक्रिया के तहत अलग से जिम्मेदारी नहीं उठानी होगी.
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने Environment Protection (End-of-Life Vehicles) Amendment Rules, 2026 को अधिसूचित किया है. 20 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या S.O. 6326(E) के अनुसार, संशोधित नियम राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से लागू होंगे. बदलाव का उद्देश्य नियम 4(6) को लेकर वाहन निर्माताओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति को दूर करना है.
कारोबार बंद करने वाली कंपनियों के लिए रिकॉर्ड जरूरी
यदि कोई वाहन निर्माता कंपनी अपना कारोबार स्थायी रूप से बंद करती है, तो उसे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) को कारोबार बंद करने से पहले बाजार में उतारे गए पुराने वाहनों का रिकॉर्ड देना होगा. कमर्शियल और ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड देना होगा. वहीं, नॉन-कमर्शियल और नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों के मामले में पिछले 20 वर्षों की जानकारी देनी होगी.
कंपनी से रिकॉर्ड मिलने के बाद CPCB उसके EPR दायित्व तय करेगा और संबंधित कंपनी को इसकी जानकारी देगा. दायित्व तय करते समय बोर्ड नियमों के लागू प्रावधानों को ध्यान में रखेगा. संशोधन के अनुसार यह विशेष व्यवस्था उन कंपनियों के लिए नहीं है, जो अभी भी वाहन बनाकर बाजार में बेच रही हैं.
स्टील स्क्रैप से जुड़ी शब्दावली हटाई गई
संशोधन में End-of-Life Vehicles Rules, 2025 के नियम 9(2) में भी बदलाव किया गया है. इस नियम से ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़े ऐसे अन्य स्टील स्क्रैप मटेरियल का उल्लेख करने वाली शब्दावली हटा दी गई है, जिसे पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (RVSF) में प्रोसेस किया जाता है.
इस संशोधन की प्रक्रिया 27 मार्च 2026 को जारी ड्राफ्ट से शुरू हुई थी. मंत्रालय ने आम लोगों और संबंधित पक्षों से 60 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे थे. मंत्रालय के अनुसार, प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की गई है.
