केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन और बैटरी-स्वैपिंग सुविधाएं विकसित करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए पंचायती राज मंत्रालय और Convergence Energy Services Limited (CESL) ने एक समझौता किया है.
समझौते के तहत ग्राम पंचायतों की जमीन का इस्तेमाल इन सुविधाओं के विकास के लिए किया जा सकता है. संभावित स्थानों में राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे की जमीन तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों के आसपास के परिसर शामिल हैं.
नई व्यवस्था का उद्देश्य इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के ढांचे को महानगरों और शहरी केंद्रों से आगे ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी इलाकों तक पहुंचाना है. इससे स्थानीय निकायों के लिए अतिरिक्त राजस्व का एक स्रोत बनने की भी उम्मीद है.
प्रस्तावित नेटवर्क दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ मध्यम और भारी वाणिज्यिक वाहनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा.
नई दिल्ली में शनिवार को समझौते से जुड़े दस्तावेजों का आदान-प्रदान पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर और CESL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिलेश कुमार दीक्षित ने किया. CESL, ऊर्जा दक्षता सेवा लिमिटेड (EESL) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है और बिजली मंत्रालय के तहत काम करती है.
