धनतेरस पर रायपुर के बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारी का दौर चला. ग्राहकों की भीड़ के कारण कई दुकानें आधी रात तक खुली रहीं. कार और दोपहिया वाहनों की डिलीवरी के लिए शोरूम में कतारें देखी गईं, जबकि जयस्तंभ चौक समेत प्रमुख सड़कों पर जाम और पार्किंग की कमी से लोगों को परेशानी हुई.
छत्तीसगढ़ चैंबर, कैट, फिक्की और सीआईआई से जुड़े व्यापारिक प्रतिनिधियों के अनुसार, रायपुर में 2,000 से 2,500 करोड़ रुपये और पूरे प्रदेश में 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ. ये आंकड़े संगठनों के दावे पर आधारित हैं.
ऑटोमोबाइल में सबसे ज्यादा मांग
रायपुर डीलर्स ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (राडा) के मुताबिक, राजधानी में करीब 12,000 दोपहिया और 3,000 कारें बिकीं. प्रदेशभर में 1.30 लाख दोपहिया और 10,000 से अधिक कारों की बिक्री का दावा किया गया. ट्रैक्टर, कमर्शियल वाहन, जेसीबी और तिपहिया वाहनों समेत करीब 10,000 अन्य वाहनों की बिक्री भी बताई गई है. नवरात्रि और पुष्य नक्षत्र से ही कई ग्राहकों ने बुकिंग करा रखी थी. राडा के अनुसार, धनतेरस से दिवाली तक ऑटोमोबाइल कारोबार 3,300 करोड़ रुपये से अधिक रह सकता है, जिसमें रायपुर का हिस्सा 2,700 करोड़ रुपये बताया गया.
प्रॉपर्टी और सराफा बाजार में भी भीड़
रायपुर, नवा रायपुर, धरसींवा, तिल्दा, सड्डू और वीआईपी तिराहा स्थित पंजीयन कार्यालयों में 600 से अधिक रजिस्ट्रियां दर्ज होने की जानकारी दी गई. बाजारों में सोने-चांदी के सिक्कों, चांदी की मूर्तियों और हल्के वजन के आभूषणों की मांग रही. पंडरी, गोलबाजार, मालवीय रोड और अन्य बाजारों में कपड़े, सजावट और पूजा सामग्री की बिक्री भी बढ़ी.
