Mahindra Thar, Scorpio और XUV700 जैसे वाहनों की डिजाइन पहचान से जुड़ा एक नाम रामकृपा अनंतन का भी है. ऑटोमोबाइल डिजाइन के क्षेत्र में उन्होंने Mahindra के कई प्रमुख मॉडलों पर काम किया और पुरुष-प्रधान माने जाने वाले इस उद्योग में अपनी अलग पहचान बनाई.
अनंतन ने BITS Pilani से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने IIT Bombay के Industrial Design Centre से इंडस्ट्रियल डिजाइन में मास्टर डिग्री हासिल की और 1997 में स्नातक हुईं. उनके अनुसार, पिता की ट्रांसफरेबल नौकरी के कारण बचपन में उन्हें गांवों और शहरों के बीच रहना पड़ा. खेतों, नदियों, पहाड़ों और जंगलों के अनुभवों ने वाहनों को देखने और डिजाइन करने के उनके नजरिए को प्रभावित किया.
Mahindra के साथ दो दशक से ज्यादा का सफर
1997 में Mahindra & Mahindra से करियर शुरू करने वाली अनंतन का शुरुआती काम इंटीरियर डिजाइन से जुड़ा था. उन्होंने Bolero, Scorpio और Xylo जैसे वाहनों पर काम किया. 2005 तक वह कंपनी के डिजाइन विभाग में नेतृत्व की भूमिका में पहुंच गईं. एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनकी टीम पांच डिजाइनरों से बढ़कर 20 डिजाइनरों की हो गई थी.
उनके नेतृत्व या योगदान वाली डिजाइन परियोजनाओं में TUV300, XUV500, XUV300, Marazzo, KUV100, XUV700, Thar और Thar Roxx शामिल हैं. 2011 में लॉन्च हुई XUV500 उनके प्रमुख प्रोजेक्ट्स में रही. इस SUV के डिजाइन के लिए चीते को केंद्रीय प्रेरणा के तौर पर चुना गया था. इसकी मजबूत बॉडी, उभरे हुए व्हील आर्च, ग्रिल और बॉडी लाइनों में चीते की फुर्ती और ताकत को दर्शाने की कोशिश की गई.
अनंतन ने 2020 में पेश की गई दूसरी पीढ़ी की Thar और 2021 में लॉन्च हुई XUV700 से जुड़े डिजाइन कार्यक्रमों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके योगदान को देखते हुए BITS Pilani ने 2021 में उन्हें Distinguished Alumnus Award दिया.
पारंपरिक SUV से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तक
Mahindra में दो दशक से अधिक समय बिताने के बाद अनंतन ने KRUX Studio नाम से डिजाइन कंसल्टेंसी शुरू की. फरवरी 2022 में इसके तहत Two2 नाम का दो-दरवाजे और दो-सीटर इलेक्ट्रिक माइक्रो-मोबिलिटी कॉन्सेप्ट पेश किया गया. इसे भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों के लिए कॉम्पैक्ट मोबिलिटी समाधान के तौर पर देखा गया.
2022 में Ola Electric ने पहले KRUX Studio के साथ डिजाइन कंसल्टेंसी पार्टनर के रूप में काम किया. उसी साल अगस्त में अनंतन Ola Electric की Head of Design बनीं, जहां उन्हें इलेक्ट्रिक दोपहिया और प्रस्तावित चारपहिया वाहनों के डिजाइन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी मिली.
