Renault भारतीय बाजार में अपनी पहली हाइब्रिड SUV Duster Hybrid पेश करने जा रही है. कंपनी के अनुसार, इसकी आधिकारिक लॉन्चिंग 17 अक्टूबर को होगी. Renault ने इस SUV को मार्च में रिवील किया था और इसकी प्री-बुकिंग पहले से ₹21,000 में चल रही है.

Duster Hybrid में 1.8 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 1.4kWh की बैटरी और दो इलेक्ट्रिक मोटर दी जाएंगी. यह पावरट्रेन 160 bhp की संयुक्त पावर और 172 Nm का टॉर्क देने का दावा करता है. कंपनी ने इस SUV के लिए 29 किलोमीटर प्रति लीटर का क्लेम्ड माइलेज बताया है.

तीन इंजन विकल्पों में आएगी Duster

हाइब्रिड वर्जन आने के बाद Renault Duster भारतीय बाजार में तीन इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध होगी. मौजूदा लाइनअप में 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन शामिल हैं. 1.0 लीटर इंजन का क्लेम्ड माइलेज 19.41 किलोमीटर प्रति लीटर बताया गया है. 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल के मैनुअल वर्जन का माइलेज 17.75 किलोमीटर प्रति लीटर और ऑटोमेटिक वर्जन का 18.45 किलोमीटर प्रति लीटर है.

कंपनी का दावा है कि Duster Hybrid अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली SUV होगी. इसका मुकाबला Toyota Hyryder और Maruti Suzuki Grand Vitara के हाइब्रिड वर्जन से होगा, जिनका क्लेम्ड माइलेज 27.97 किलोमीटर प्रति लीटर है.

Renault Duster की मौजूदा शुरुआती कीमत ₹10.49 लाख है. हाइब्रिड वर्जन की कीमत 17 अक्टूबर को घोषित की जाएगी. कंपनी ने यह भी कहा है कि 2026 के लिए Duster Hybrid की यूनिट्स बिक चुकी हैं. Nissan Tekton में इसका हाइब्रिड विकल्प नहीं दिया जाएगा.