तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में कंडी क्रॉसरोड्स के पास मंगलवार आधी रात एक कार सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में कार सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना का दृश्य पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है.

मृतकों की पहचान रंगारेड्डी जिले के शंकरपल्ली मंडल स्थित गजुलागुडेम गांव निवासी येल्लाकोंडा नरसिम्हुलु (40) और उनकी पत्नी मुनिका (33) के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों Ford कार से शंकरपल्ली से संगारेड्डी की ओर जा रहे थे.

पुलिस के मुताबिक, कंडी गांव की सीमा में पहुंचने पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

संगारेड्डी ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज किया है. शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है. पुलिस वाहन की गति और चालक के नियंत्रण खोने समेत हादसे के कारणों की जांच कर रही है.