शेल लुब्रिकेंट्स ने भारतीय बाजार में सिंथेटिक इंजन ऑयल की नई रेंज लॉन्च की है. कंपनी के अनुसार, नई रेंज को आधुनिक वाहनों की तकनीक और भारतीय ड्राइविंग परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें शेल हेलिक्स, शेल एडवांस और शेल रिमुला ब्रांड के तहत कुल चार उत्पाद शामिल हैं. इनकी शुरुआती कीमत ₹590 प्रति लीटर है.
पैसेंजर कारों के लिए हेलिक्स HX8
शेल हेलिक्स एक्स्ट्रा HX8 0W-16 पूरी तरह सिंथेटिक इंजन ऑयल है. इसे बीएस6 पैसेंजर कारों के लिए पेश किया गया है, जिनमें हाइब्रिड कारें भी शामिल हैं. कंपनी के मुताबिक, इसमें एंटी-फ्रिक्शन तकनीक दी गई है, जो ईंधन दक्षता बेहतर करने में मदद कर सकती है. कंपनी का दावा है कि इसके इस्तेमाल से कार सालभर में 440 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय कर सकती है. यह 1 लीटर और 3.5 लीटर पैक में उपलब्ध होगा. इसकी कीमत ₹894 प्रति लीटर रखी गई है.
बाइक और स्कूटर के लिए दो विकल्प
मिड-वेट और क्रूजर मोटरसाइकिलों के लिए शेल एडवांस एक्स्ट्रा AX7 सिंथेटिक इंजन ऑयल लॉन्च किया गया है. इसमें स्मार्ट एफिशिएंसी तकनीक है. कंपनी के अनुसार, यह 15,000 किलोमीटर तक पावर लॉस को कम करने में मदद कर सकता है. यह 0.8, 0.9, 1 और 2.5 लीटर पैक में मिलेगा और इसकी कीमत ₹756 प्रति लीटर है.
बीएस6 बाइक और स्कूटरों के लिए शेल एडवांस AX6 पेश किया गया है. यह 0.6, 0.8, 0.9 और 1 लीटर पैक में उपलब्ध होगा. इसकी कीमत ₹605 प्रति लीटर है.
ट्रकों और कमर्शियल वाहनों के लिए उत्पाद
बीएस6 ट्रकों और अन्य कमर्शियल वाहनों के लिए शेल रिमुला R4 प्लस CK4 लॉन्च किया गया है. यह 1, 11, 15, 18 और 26 लीटर पैक में मिलेगा. इसकी कीमत ₹590 प्रति लीटर से शुरू होती है.
