Stellantis ने भारत के लिए Fastlane 2030 रोडमैप पेश किया है. कंपनी के मुताबिक, वह भारतीय बाजार में 12 प्रोडक्ट्स लॉन्च करेगी और इसके लिए ₹4,000 करोड़ का अतिरिक्त निवेश करेगी. इस निवेश के बाद भारत में कंपनी का कुल निवेश ₹15,000 करोड़ तक पहुंच जाएगा.
रोडमैप के तहत सात नए प्रोडक्ट लॉन्च किए जाएंगे, जबकि पांच मौजूदा प्रोडक्ट्स को अपडेट किया जाएगा. कंपनी ने बताया है कि पहला मॉडल 2027 की दूसरी तिमाही में पेश किया जाएगा. नए प्रोडक्ट्स Jeep और Citroen, दोनों ब्रांड्स के तहत आएंगे.
Jeep और Citroen के लिए अलग-अलग मॉडल
कंपनी की योजना में Jeep ब्रांड के तहत पांच प्रोडक्ट शामिल हैं. इनमें चार नए मॉडल और एक मौजूदा मॉडल का अपडेट होगा. नए मॉडल्स में बी-सेगमेंट SUV, सी-सेगमेंट SUV, डी-सेगमेंट SUV और डी-सेगमेंट पिकअप ट्रक शामिल हैं. बी-सेगमेंट SUV का मुकाबला Brezza, Nexon और Venue जैसे मॉडल्स से होने की उम्मीद है, हालांकि कंपनी ने अभी मॉडल नाम या कीमत की जानकारी नहीं दी है.
Citroen के तहत सात प्रोडक्ट्स लाए जाएंगे. इनमें एंट्री-लेवल हैचबैक, Creta सेगमेंट की SUV और Innova सेगमेंट की डी-सेगमेंट MPV शामिल हैं. इसके अलावा Citroen के चार मौजूदा मॉडल्स को अपडेट किया जाएगा. कंपनी ने इन अपडेट होने वाले मॉडल्स के नाम अभी साझा नहीं किए हैं.
Stellantis भविष्य के पोर्टफोलियो में पेट्रोल या डीजल इंजन, हाइब्रिड, प्लग-इन हाइब्रिड और बैटरी-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन शामिल करने की योजना बना रही है. कंपनी ने प्रोडक्ट्स का 90 प्रतिशत तक स्थानीय स्तर पर तैयार करने का लक्ष्य रखा है. फिलहाल कंपनी भारत से 50 देशों में वाहन निर्यात करती है और नए रोडमैप के तहत निर्यात में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर देगी.
