सूरत के पास डभारी बीच पर सूरत बाइकिंग कम्युनिटी (SBC) ने 71 प्रीमियम मोटरसाइकिलों की मदद से मां दुर्गा की विशाल मुखाकृति बनाई. आयोजकों के अनुसार, इस रचना में इस्तेमाल बाइक्स की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है. ड्रोन कैमरे से रिकॉर्ड किए गए दृश्य में रेत पर मोटरसाइकिलों की सज्जा से बनी आकृति दिखाई दी.
SBC के अध्यक्ष पिनाक मशरूवाला के अनुसार, इस आयोजन की तैयारी करीब 10 दिनों से चल रही थी. शुरुआत में लगभग 100 बाइक्स जुटाई गई थीं, लेकिन अंतिम रूप से 71 मोटरसाइकिलों को तय पैटर्न में लगाकर आकृति तैयार की गई. आयोजन में 100 से अधिक बाइकर्स के शामिल होने की बात कही गई है.
ज्वार के कारण बदलनी पड़ी जगह
आयोजन के दौरान समुद्र में अचानक ज्वार आने से टीम को चुनौती का सामना करना पड़ा. आयोजकों के मुताबिक, तिलक बनाने और आकृति की शुरुआत के बाद लहरों का पानी वहां पहुंच गया, जिसके चलते सभी बाइक्स को तत्काल हटाना पड़ा. इसके बाद टीम ने रेत पर कुछ आगे दूसरी जगह से काम शुरू किया. इस वजह से करीब दो घंटे अतिरिक्त लगे और पूरी प्रक्रिया में लगभग चार घंटे का समय लगा.
इस रचना में Suzuki, Yamaha, TVS, Royal Enfield, Hero, Honda, Triumph, KTM, BMW, Aprilia, Jawa, Yezdi, BSA और Bajaj समेत कई ब्रांड की मोटरसाइकिलें शामिल थीं. स्थानीय मोटरसाइकिल शोरूमों ने दो से तीन बाइक्स उपलब्ध कराकर सहयोग किया.
SBC का दावा है कि इससे पहले उसने महाशिवरात्रि पर बाइक्स से ‘ॐ’ और रामनवमी पर 65 बाइक्स से ‘श्री राम’ लिखा था. टीम के अनुसार, इन प्रयासों को World Records of India से मान्यता मिली थी. दुर्गा आकृति को नए विश्व रिकॉर्ड के लिए पेश किए जाने की बात कही गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी उपलब्ध नहीं है.
