छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने टाटा मोटर्स की अपील खारिज करते हुए बिलासपुर के एक उपभोक्ता को टाटा पंच ईवी की पूरी कीमत लौटाने का आदेश बरकरार रखा है. आयोग के फैसले के अनुसार कंपनी को वाहन की कीमत 16,25,604 रुपये के साथ मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय भी देना होगा.
मामला बिलासपुर के डॉक्टर स्वप्न कुमार दत्ता की शिकायत से जुड़ा है. उन्होंने जेडी आटोनेशन से टाटा पंच ईवी (इम्पावर्ड प्लस एस एलआर एसीएफसी) खरीदी थी. शिकायत के मुताबिक, खरीद के कुछ समय बाद कार के वातानुकूलन तंत्र, वेंटिलेटेड सीट, इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली और सेंसर में समस्याएं आने लगीं. वाहन चलते-चलते बंद होने की शिकायत भी की गई थी.
डॉक्टर का कहना था कि कंपनी ने एक बार चार्ज करने पर कार के 421 किलोमीटर तक चलने का दावा किया था, लेकिन वाहन 200 किलोमीटर भी नहीं चल पा रहा था. समस्याओं के समाधान के लिए कार को करीब 10 बार सर्विसिंग केंद्र ले जाया गया, फिर भी शिकायतें दूर नहीं हुईं.
जिला उपभोक्ता आयोग ने पहले टाटा मोटर्स को वाहन की पूरी कीमत लौटाने का आदेश दिया था. इसके अतिरिक्त 25 हजार रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति और 10 हजार रुपये वाद व्यय देने को कहा गया था. समय पर भुगतान नहीं होने पर नौ प्रतिशत वार्षिक ब्याज का प्रावधान भी किया गया था.
टाटा मोटर्स ने इस आदेश को राज्य आयोग में चुनौती दी. अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया और सदस्य प्रमोद कुमार वर्मा की पीठ ने दोनों पक्षों की दलीलों तथा सर्विसिंग से जुड़े दस्तावेजों की जांच की. आयोग ने कहा कि कंपनी या डीलर शिकायतों को गलत साबित करने वाला विशेषज्ञ अभिमत या पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सके. आयोग ने बार-बार सामने आई तकनीकी समस्याओं को सेवा में कमी माना और जिला आयोग का आदेश कायम रखा.
