Triumph ने अपनी एडवेंचर बाइक Tiger 1200 के अपडेटेड वर्जन से पर्दा उठा दिया है. कंपनी के मुताबिक, इस बाइक को ग्लोबल बाजार में चार वेरिएंट्स—GT Pro, GT Explorer, Rally Pro और Rally Explorer—में पेश किया जाएगा. भारतीय बाजार में इसका लॉन्च मार्च 2027 में होगा और यहां GT Pro तथा Rally Explorer वेरिएंट उपलब्ध कराए जाएंगे.

इंजन और परफॉर्मेंस

Tiger 1200 में 1,160 सीसी का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है. यह इंजन 158 एचपी की पावर और 130 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. पिछले मॉडल की तुलना में नई बाइक 8 एचपी ज्यादा पावर देती है. इस बढ़ोतरी के लिए कंपनी ने सिलेंडर हेड्स, पिस्टन और एग्जॉस्ट सिस्टम को फिर से डिजाइन किया है. बाइक में छह-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है, जिसे पहले के मुकाबले ज्यादा रिफाइंड बताया गया है.

डिजाइन और हार्डवेयर

अपडेटेड मॉडल में फ्यूल टैंक, रेडिएटर काउल, बीक और विंडस्क्रीन के डिजाइन में बदलाव किए गए हैं. बाइक में 19 इंच का फ्रंट और 17 इंच का रियर व्हील मिलता है. GT वेरिएंट में कास्ट एल्युमिनियम व्हील्स, जबकि Rally वेरिएंट में स्पोक व्हील्स दिए गए हैं. बाइक का वजन करीब 250 किलोग्राम है और Rally Explorer का वजन 268 किलोग्राम बताया गया है.

GT Pro और Rally Pro में 20 लीटर का फ्यूल टैंक मिलेगा, जबकि Explorer वेरिएंट्स में 30 लीटर का टैंक दिया गया है.

रडार आधारित सेफ्टी फीचर्स

Tiger 1200 में फ्रंट और रियर रडार सिस्टम के साथ एडॉप्टिव क्रूज कंट्रोल, ग्रुप राइड असिस्ट और फॉरवर्ड कोलिजन वॉर्निंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, लोअर इंजन बार्स और राइडर व पिलियन के लिए हीटेड सीट्स भी मिलती हैं. कंपनी ने अभी भारतीय बाजार के लिए इसकी कीमत साझा नहीं की है.