वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी VinFast भारत में 2027 की शुरुआत में अपने ई-स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी शुरुआती चरण में दो बैटरी चालित स्कूटर पेश करने की योजना बना रही है.

इन स्कूटरों का उत्पादन तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित VinFast प्लांट में प्रस्तावित अलग दोपहिया उत्पादन लाइन पर किया जाएगा. कंपनी ने शुरुआती उत्पादन क्षमता या मॉडल के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए हैं. प्रबंधन के मुताबिक, मांग और ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर क्षमता बढ़ाई जाएगी.

VinFast ने भारत में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए अधिकतम 10 लाख यूनिट सालाना क्षमता की संभावना जताई है. हालांकि, यह तत्काल स्थापित होने वाली क्षमता नहीं होगी और इसमें चरणबद्ध निवेश किया जाएगा.

कंपनी ने 34 शहरों और 15 राज्यों में 50 से अधिक डीलरों के साथ अनुबंध किए हैं. 2027 के अंत तक नेटवर्क को 100 शहरों में करीब 300 डीलरशिप तक ले जाने का लक्ष्य है.

भारत में VinFast अब तक VF 7, VF 6, MPV 7 और Limo Green समेत चार इलेक्ट्रिक वाहन पेश कर चुकी है. कंपनी के अनुसार, इनकी सामूहिक बिक्री 17,300 यूनिट से अधिक हो चुकी है. भारत में उसका कुल निवेश लक्ष्य 2 अरब डॉलर है, जिसमें 50 करोड़ डॉलर का निवेश पहले ही किया जा चुका है.