वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी VinFast भारत में अपने कारोबार और उत्पादन क्षमता का विस्तार करने की तैयारी कर रही है. कंपनी थूथुकुडी, तमिलनाडु स्थित संयंत्र में 2027 की पहली छमाही तक दो इलेक्ट्रिक स्कूटर मॉडल पेश करने की योजना बना रही है. इनका उत्पादन भारत में ही किया जाएगा.

कंपनी के अनुसार, संयंत्र में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए उत्पादन लाइन लगाई जा चुकी है. VinFast शुरुआती चरण में स्कूटरों की रेंज और बैटरी-स्वैपिंग विकल्प का अध्ययन कर रही है. डीलर नेटवर्क के लिए विभिन्न शहरों में साझेदारियां भी आगे बढ़ाई जा रही हैं.

थूथुकुडी संयंत्र की मौजूदा वार्षिक क्षमता 50,000 इलेक्ट्रिक वाहनों की है. कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से 1.5 लाख चार-पहिया वाहनों तक बढ़ाने की क्षमता रखती है. VinFast भारत में हर साल कम से कम दो नए कार मॉडल पेश करने और मांग के अनुसार उत्पादन बढ़ाने की योजना बना रही है.

कंपनी ने भारत में अब तक करीब 500 मिलियन डॉलर निवेश की जानकारी दी है और स्थानीय खरीद का हिस्सा मौजूदा 15 प्रतिशत से बढ़ाकर दोगुना करने का लक्ष्य रखा है. तमिलनाडु सरकार के साथ अतिरिक्त करीब 500 एकड़ भूमि के लिए समझौता भी किया गया है.