Volkswagen ने अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV ID Tiguan को यूरोपियन मार्केट के लिए पेश कर दिया है. कंपनी के मुताबिक, यह मॉडल 2027 में ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जाएगा. इसे Volkswagen ID.4 और ID.5 के सक्सेसर के तौर पर पेश किया गया है. कंपनी इस SUV का इलेक्ट्रिक वर्जन ICE यानी इंटरनल कंबशन इंजन वेरिएंट के साथ भी बेचेगी.
बैटरी और ड्राइव विकल्प
Volkswagen ID Tiguan में 58kWh और 77kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा. 58kWh बैटरी के साथ रियर-माउंटेड मोटर दी जाएगी, जो 190 एचपी पावर देगी. 77kWh बैटरी पैक के साथ रियर-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव, दोनों विकल्प उपलब्ध होंगे. इन सेटअप में SUV क्रमशः 286 एचपी और 299 एचपी की पावर देगी.
कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक SUV एक बार चार्ज करने पर 600 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है. इसकी टोइंग क्षमता 2 टन तक बताई गई है. हालांकि, Volkswagen ने अभी इसकी कीमत, चार्जिंग स्पीड और चार्जिंग टाइमिंग की जानकारी साझा नहीं की है.
ट्रिपल स्क्रीन और प्रीमियम फीचर्स
ID Tiguan को MEB Plus प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. इसमें LED हेडलैंप, कनेक्टेड LED DRL, इल्यूमिनेटेड लोगो, एयर कर्टन और पुल-टाइप डोर हैंडल दिए गए हैं. SUV में 534 लीटर का बूट स्पेस और 32 लीटर का फ्रंक स्पेस मिलेगा.
केबिन में 15 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 12 इंच की पैसेंजर स्क्रीन वाला ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप है. फीचर्स में ADAS, मेमोरी और मसाज फंक्शन वाली पावर्ड फ्रंट सीटें, सीट वेंटिलेशन, Harman Kardon साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग और व्हीकल-टू-लोड सुविधा शामिल हैं.
