Volkswagen ने यूरोपीय बाजार के लिए अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV ID. Tiguan का खुलासा किया है. कंपनी के मुताबिक, इसे 2027 में लॉन्च किया जाएगा. यह मॉडल ID.4 और ID.5 की उत्तराधिकारी होगी, जबकि पेट्रोल-डीजल इंजन वाली Tiguan के साथ इसकी बिक्री जारी रह सकती है.

ID. Tiguan को Volkswagen के MEB+ प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है. कंपनी ने इसमें अपने ‘Pure Positive’ डिजाइन लैंग्वेज का इस्तेमाल किया है. ID.4 और ID.5 की तुलना में इसका डिजाइन अधिक पारंपरिक SUV जैसा रखा गया है. इसमें LED हेडलैंप, कनेक्टेड LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स और रोशन Volkswagen लोगो दिए गए हैं.

SUV में 534 लीटर तक का बूट स्पेस और 32 लीटर का फ्रंक मिलता है. बाहरी डिजाइन में एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील, ब्लैक व्हील आर्च, पुल-टाइप डोर हैंडल और पीछे कनेक्टेड LED टेल-लैंप शामिल हैं.

तीन स्क्रीन वाला केबिन

केबिन में ऑल-ब्लैक थीम के साथ सिल्वर एक्सेंट दिए गए हैं. डैशबोर्ड पर 15-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 10-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 12-इंच पैसेंजर स्क्रीन का सेटअप है. HVAC के लिए फिजिकल बटन बरकरार रखे गए हैं.

फीचर्स में ADAS, मेमोरी, मसाज और वेंटिलेशन वाले पावर्ड फ्रंट सीट्स, Harman Kardon ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस फोन चार्जर, कनेक्टेड-कार तकनीक, एंबियंट लाइटिंग और V2L फंक्शन शामिल हैं. मॉडल Trend, Life, Style और R-Line ट्रिम में उपलब्ध होगा.

600 किमी तक रेंज

ID. Tiguan में 58kWh और 77kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलेंगे. 58kWh पैक के साथ रियर-माउंटेड मोटर 190hp का आउटपुट देगी. बड़े बैटरी पैक के साथ रियर-व्हील ड्राइव वर्जन 286hp और ऑल-व्हील ड्राइव वर्जन 299hp का आउटपुट देगा. Volkswagen ने WLTP चक्र के आधार पर 600 किमी तक की रेंज का अनुमान दिया है.

बैटरी विकल्प के अनुसार टोइंग क्षमता 2,000 किलोग्राम तक होगी. हालांकि, कंपनी ने चार्जिंग स्पीड और चार्जिंग समय की जानकारी अभी साझा नहीं की है.