वोल्वो कार्स ने स्कोडा ऑटो के चेयरमैन और CEO क्लाउस ज़ेल्मर को अपना नया प्रेसिडेंट और CEO नियुक्त किया है. कंपनी के बोर्ड के अनुसार, ज़ेल्मर 1 अक्टूबर 2027 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे और हाकान सैमुएल्सन का स्थान लेंगे.
ज़ेल्मर को ऑटोमोबाइल उद्योग में 30 साल से अधिक का अनुभव है. वह फिलहाल स्कोडा ऑटो के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन और CEO हैं. इससे पहले वह Volkswagen और Porsche के साथ भी काम कर चुके हैं.
ज़ेल्मर ने वोल्वो की सुरक्षा-केंद्रित पहचान की सराहना करते हुए कहा कि कुछ ही ऑटोमोबाइल ब्रांड सुरक्षा के क्षेत्र में इतनी मजबूत और लंबे समय से कायम प्रतिष्ठा बना पाए हैं.
वोल्वो की चीनी पैरेंट कंपनी Geely के प्रेसिडेंट एरिक ली ने कहा कि प्रीमियम सेगमेंट और बड़े पैमाने पर वाहन बनाने वाले ब्रांडों, दोनों का ज़ेल्मर का अनुभव वोल्वो के लिए उपयोगी होगा. उनके मुताबिक, बोर्ड को उम्मीद है कि ज़ेल्मर के नेतृत्व में कंपनी प्रीमियम कार निर्माता के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करेगी.
2030 तक 13 नए मॉडल लाने की योजना
वोल्वो कार्स ने 2030 के अंत तक वैश्विक स्तर पर 13 नए वाहन लॉन्च करने की योजना बताई है. इनमें सात मॉडल पश्चिमी बाजारों के लिए और छह चीन के लिए होंगे. चीन के लिए प्रस्तावित मॉडल Geely के सहयोग से विकसित किए जाएंगे. यूरोपीय लाइनअप में नई सेडान और एस्टेट कारें भी शामिल होंगी.
भारत में कंपनी अपने फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक मॉडल EX90 SUV और ES90 सेडान लाने की तैयारी कर रही है. भारत में स्कोडा Volkswagen समूह के कारोबार का संचालन करती है और JSW Group के साथ साझेदारी के अवसर तलाश रही है. प्रस्तावित सहयोग का उद्देश्य पोर्टफोलियो बढ़ाना, स्थानीय सोर्सिंग गहरी करना और विनिर्माण क्षमता मजबूत करना है.
