Volvo ES90 को भारत में कल लॉन्च किया जाएगा. यह कंपनी की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक सेडान होगी और देश में S90 के 2024 में बंद होने के बाद Volvo की सेडान श्रेणी में वापसी करेगी. ES90 के साथ Volvo EX90 इलेक्ट्रिक SUV को भी भारत में पेश किए जाने की जानकारी है.

कीमत और बैटरी विकल्प

ES90 को Completely Built Unit (CBU) के रूप में भारत लाया जाएगा. इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग ₹1 करोड़ से ₹1.20 करोड़ के बीच रहने की उम्मीद है. हालांकि, भारत में मिलने वाले वेरिएंट और आधिकारिक कीमत की घोषणा लॉन्च के समय होगी.

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह कार 92kWh और 106kWh बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध है. 92kWh बैटरी वाला रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट 333hp की ताकत और 480Nm टॉर्क देता है. इसकी दावा की गई WLTP रेंज 664 किलोमीटर है और यह 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 6.6 सेकंड में पकड़ सकता है.

106kWh बैटरी के साथ ऑल-व्हील ड्राइव विकल्प मिलता है. इसके अलग-अलग वेरिएंट 456hp और 670Nm या 680hp और 870Nm का आउटपुट देते हैं. इनकी दावा की गई WLTP रेंज 702 किलोमीटर है, जबकि 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में क्रमशः 5.4 सेकंड और 4 सेकंड लगते हैं. सभी विकल्पों की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक सीमित है.

ES90 में 350kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है. कंपनी के अंतरराष्ट्रीय दावों के मुताबिक, बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 22 मिनट लग सकते हैं. भारत में इनमें से कौन-सा पावरट्रेन विकल्प मिलेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

डिजाइन और फीचर्स

कार में बंद ग्रिल, Volvo का सिग्नेचर ‘Thor’s Hammer’ LED डे-टाइम रनिंग लैंप, C-आकार की रैपअराउंड टेललाइट और 20 से 22 इंच तक के एयरोडायनामिक पहिए मिलते हैं. इसका ड्रैग को-एफिशिएंट 0.25 है, जिसे Volvo की सबसे एयरोडायनामिक प्रोडक्शन कार बताया गया है.

केबिन में 14.5 इंच का पोर्ट्रेट इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 9 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 13.2 इंच का हेड-अप डिस्प्ले दिया गया है. इसमें चार-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, डिजिटल की, वायरलेस फोन चार्जर और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स हैं. फ्रंट सीटों में हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज फंक्शन मिलता है. ऑडियो के लिए 14-स्पीकर Bose सिस्टम या 25-स्पीकर Bowers & Wilkins सेटअप उपलब्ध है.

भारत में Volvo ES90 का मुकाबला Mercedes-Benz EQS से होगा, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.30 करोड़ है. BMW i7 की कीमत ₹1.95 करोड़ से शुरू होती है.