चीन के उद्यमी झांग श्यू ने पानी की सतह पर संशोधित मोटरसाइकिल चलाकर 40.74 किलोमीटर की दूरी तय की है. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने खुले पानी पर संशोधित मोटरसाइकिल से सबसे अधिक दूरी तय करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. रिकॉर्ड प्रयास हुनान प्रांत के मयांग मियाओ स्वायत्त काउंटी में जिनजियांग नदी पर किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झांग ने यह दूरी करीब 32 मिनट में पूरी की. प्रयास के दौरान नदी के किनारों पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक शियोंग वेन ने GPS ट्रैकिंग, समय संबंधी जानकारी और ऑडियो-विजुअल साक्ष्यों की जांच के बाद रिकॉर्ड की पुष्टि की.
2009 में केवल 20 मीटर तक पहुंच पाए थे
झांग की यह उपलब्धि 17 साल पुराने प्रयासों के बाद हासिल हुई है. वर्ष 2009 में 22 साल की उम्र में उन्होंने पानी पर मोटरसाइकिल चलाने का प्रयोग शुरू किया था. उन्होंने चार बार कोशिश की, लेकिन सबसे सफल प्रयास में बाइक करीब 20 मीटर चलने के बाद पानी में डूब गई.
इसके बाद भी उन्होंने इस विचार पर काम जारी रखा. झांग चीनी मोटरसाइकिल निर्माता ZXMOTO के संस्थापक हैं. इस बार उन्होंने इंजीनियरों की टीम के साथ मिलकर मशीन में बड़े बदलाव किए और अपने गृह क्षेत्र में ही रिकॉर्ड प्रयास करने का फैसला किया.
बाइक में किए गए तकनीकी बदलाव
रिकॉर्ड प्रयास के लिए इस्तेमाल की गई MX450 मोटरसाइकिल में विशेष एम्फिबियस स्की सिस्टम लगाया गया था. इसके अलावा ईंधन टैंक को बड़ा किया गया और जरूरी हिस्सों को पानी से बचाने के लिए अतिरिक्त वॉटरप्रूफिंग की गई.
मशीन के आगे लगी स्की दिशा नियंत्रित करने और संतुलन बनाए रखने में मदद करती थी. पीछे के पहिए में पैडल जैसे हिस्से लगाए गए थे, जो पानी को पीछे की ओर धकेलकर आगे बढ़ने के लिए जरूरी थ्रस्ट पैदा करते थे. बाइक पहले जमीन पर रफ्तार पकड़ती थी और फिर पानी की सतह पर उतरती थी.
झांग और उनकी टीम ने रिकॉर्ड प्रयास से पहले पांच महीने तक बाइक का परीक्षण किया और डिजाइन में लगातार सुधार किए. नदी पर कई हिस्सों और मोड़ों वाले मार्ग के दौरान बचाव नौकाएं और चिकित्सा दल भी तैनात रहे.
