आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सामने रेल कर्मचारियों से जुड़े संगठनों ने वेतन, भत्तों और पदोन्नति व्यवस्था में बदलाव की मांग रखी है. इन प्रस्तावों में उच्च वेतनमान, जोखिम एवं कठिनाई भत्ता और ट्रैक मेंटेनर के लिए विशेष भत्ते शामिल हैं.
कर्मचारी संगठनों ने पे-लेवल मर्जर और तकनीकी कर्मचारियों के लिए बेहतर पदोन्नति अवसरों की भी मांग की है. कुछ व्यापक कर्मचारी प्रस्तावों में न्यूनतम वेतन ₹69,000, 3.833 फिटमेंट फैक्टर और सालाना इंक्रीमेंट को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने की मांग शामिल है.
हालांकि, ये सभी कर्मचारी संगठनों की मांगें हैं, आयोग या केंद्र सरकार का स्वीकृत फैसला नहीं. आठवें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था. आयोग अभी कर्मचारियों और संगठनों के सुझावों पर विचार कर रहा है. अंतिम वेतन, भत्तों और फिटमेंट फैक्टर पर निर्णय आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा.
