अदाणी समूह ने महाराष्ट्र में ₹6 लाख करोड़ से अधिक के निवेश ब्लूप्रिंट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है. अदाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक प्रणव अदाणी ने 1 अक्टूबर को मुंबई में ‘इन्वेस्ट महाराष्ट्र’ कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित निवेश ऊर्जा, विमानन, एयरपोर्ट-आधारित कारोबारी क्षेत्र, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोयला गैसीफिकेशन जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा. समूह के अनुसार, इस योजना से जुड़ी करीब ₹2.6 लाख करोड़ की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं या उन पर काम चल रहा है.
प्रणव अदाणी ने छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और निर्माणाधीन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को मुंबई महानगर क्षेत्र के विकास के प्रमुख आधारों में शामिल किया. नवी मुंबई हवाई अड्डे के लंबे समय में सालाना 9 करोड़ से अधिक यात्रियों की क्षमता तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है.
उन्होंने कहा कि अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड के जरिए समूह मुंबई में 30 लाख से अधिक घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली आपूर्ति करता है. कंपनी की आपूर्ति में 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सा नवीकरणीय ऊर्जा का होने का दावा भी किया गया.
कार्यक्रम में धारावी पुनर्विकास परियोजना को भी समूह की शहरी विकास योजनाओं का हिस्सा बताया गया.
