अदाणी ग्रुप की एयरपोर्ट इकाई Adani Airport Holdings Limited (AAHL) ने एयरलाइन कारोबार में उतरने की योजना से इनकार किया है. AAHL के CEO अरुण बंसल ने कहा कि एयरलाइंस कंपनी की ग्राहक हैं और अपने ग्राहकों के साथ प्रतिस्पर्धा करना अच्छी कारोबारी रणनीति नहीं होगी. उन्होंने इस संदर्भ में AAHL और अदाणी ग्रुप को अलग-अलग देखने की बात भी कही.
बंसल ने नई दिल्ली में आयोजित ‘Aviation India and South Asia 2026’ सम्मेलन में कहा कि कंपनी अगले सात वर्षों में एयरपोर्ट विकास, विस्तार और संबंधित कारोबार पर 10-11 अरब डॉलर का पूंजीगत निवेश करेगी. AAHL के नेटवर्क में फिलहाल आठ एयरपोर्ट हैं और इन पर सालाना करीब 10 करोड़ यात्री आते हैं. कंपनी अगले 10 वर्षों में इस संख्या को बढ़ाकर 30 करोड़ करने का लक्ष्य रखती है.
मुंबई एयरपोर्ट पर विमानों के परिचालन क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने का काम जारी है. टर्मिनल-1 का नवीनीकरण 2030 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है. AAHL ने सरकारी एयरपोर्ट निजीकरण प्रक्रिया में भी भाग लेने की योजना जताई है.
