Adani Enterprises की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई Adani New Industries Limited (ANIL) के पवन विनिर्माण विभाग Adani Wind ने गुजरात के मुंद्रा में 91.2 मीटर लंबे ऑनशोर पवन टर्बाइन ब्लेड का उत्पादन शुरू किया है. कंपनी के अनुसार, ये भारत में उत्पादित अब तक के सबसे लंबे ऑनशोर पवन टर्बाइन ब्लेड हैं.

ये ब्लेड Adani Wind के MWL185-5.0 MW प्लेटफॉर्म के लिए विकसित किए गए हैं. इस प्लेटफॉर्म में 185 मीटर व्यास वाला रोटर और 140 मीटर हब ऊंचाई है. कंपनी के मुताबिक, रोटर करीब 26,600 वर्ग मीटर क्षेत्र में घूमता है, जो साढ़े तीन से अधिक मानक फुटबॉल मैदानों के बराबर है.

जर्मनी की स्वतंत्र पवन टर्बाइन परीक्षण और प्रमाणन संस्था WindGuard Certification GmbH ने मुंद्रा में स्थापित प्रोटोटाइप के परीक्षण के बाद इस प्लेटफॉर्म को प्रमाणित किया है. प्रमाणन में IEC 61400 सीरीज के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप डिजाइन, परीक्षण और विनिर्माण की पुष्टि शामिल है. प्लेटफॉर्म को जर्मन तकनीकी कंपनी W2E के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है.

कंपनी का कहना है कि यह प्लेटफॉर्म कम और मध्यम गति वाली हवाओं वाले क्षेत्रों में भी पवन ऊर्जा हासिल करने तथा ऊर्जा उत्पादन और क्षमता उपयोग में सुधार के लिए तैयार किया गया है. 91.2 मीटर के नए ब्लेडों के साथ मुंद्रा संयंत्र में बनने वाले ब्लेडों की रेंज बढ़ गई है. यहां पहले 78.6 मीटर और 80.5 मीटर लंबे ब्लेड बनाए जा रहे थे.

Adani Wind के तीन टर्बाइन प्लेटफॉर्म Ministry of New and Renewable Energy की Approved List of Models and Manufacturers (ALMM-Wind) में सूचीबद्ध हैं. कंपनी के अनुसार, उसका MWL 160-5.2 MW प्लेटफॉर्म गुजरात के खावड़ा में 2 GW से अधिक इंस्टॉलेशन पार कर चुका है. स्वतंत्र बिजली उत्पादकों से मिले उसके संचयी ऑर्डर भी 1 GW से अधिक हो गए हैं. कंपनी की मौजूदा विनिर्माण क्षमता 2.25 GW है और इसे आगे बढ़ाने की योजना है.