अमेरिकी शेयर बाजार में गुरुवार को AI और टेक कंपनियों के शेयरों में तेज बिकवाली के बीच बड़ी गिरावट दर्ज की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Nasdaq-100 की प्रमुख कंपनियों के कुल बाजार मूल्य में एक ही दिन में 2.5 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 236 लाख करोड़ रुपये के बराबर बताई गई है.
Nasdaq Composite इंडेक्स 5.5% गिरा. अप्रैल 2025 में आए ‘लिबरेशन डे’ के बाद यह इसकी एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट बताई गई है. AI कंपनियों के शेयरों में लगातार दूसरे दिन कमजोरी रही और इसका असर चिप बनाने वाली कंपनियों पर भी पड़ा. संबंधित इंडेक्स करीब 12% गिरकर छह महीने से अधिक समय के निचले स्तर पर पहुंच गया. AI कंपनी CoreWeave के शेयरों में भी 10% की गिरावट दर्ज की गई.
डेटा सेंटर नियमों को लेकर चिंता
अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की मिडटर्म चुनाव में जीत के बाद निवेशकों को आशंका है कि AI कंपनियों की गतिविधियों पर निगरानी और नियमन बढ़ सकता है. खासतौर पर डेटा सेंटरों के निर्माण पर नियम सख्त होने या परियोजनाओं की रफ्तार धीमी पड़ने की चिंता जताई जा रही है. डेटा सेंटरों में AI सिस्टम चलाने के लिए बड़ी संख्या में कंप्यूटर और सर्वर लगाए जाते हैं.
Nasdaq Composite 6 अक्टूबर के रिकॉर्ड स्तर से करीब 12% नीचे आ चुका है. 10% या उससे अधिक गिरावट को आम तौर पर बाजार में ‘करेक्शन’ कहा जाता है. अक्टूबर के मध्य से अब तक इंडेक्स में 500 से अधिक अंकों की गिरावट पांच बार दर्ज की गई है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बाजार की गिरावट के लिए चुनाव नतीजों को जिम्मेदार बताया और कहा कि इससे लोगों के 401(k) रिटायरमेंट खातों पर भी असर पड़ा है. हालांकि, AI कंपनियों पर संभावित नियमों और डेटा सेंटर परियोजनाओं पर उनके वास्तविक प्रभाव को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.
