RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा है कि विकसित देशों में AI से जुड़ी कंपनियों की ऊंची वैल्यूएशन में करेक्शन आता है, तो भारत में विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ सकता है. उन्होंने यह टिप्पणी 3 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में की.
मल्होत्रा के मुताबिक, AI में निवेश का मौजूदा चक्र वैश्विक वित्तीय बाजारों को मजबूत समर्थन दे रहा है. लेकिन निवेश या AI कंपनियों की कमाई में सुस्ती आने पर AI वैल्यू चेन से जुड़े वित्तीय परिसंपत्तियों की कीमतों में तेज बदलाव हो सकता है. इससे वैश्विक शेयर बाजारों में अस्थिरता बढ़ने का खतरा है.
उन्होंने कहा कि भारतीय इक्विटी बाजार में हालिया करेक्शन अब तक व्यवस्थित तरीके से हुआ है. मल्होत्रा ने AI से जुड़ी ऊंची वैल्यूएशन के साथ बढ़ता वैश्विक कर्ज, नॉन-बैंक फाइनेंस में लेवरेज, प्राइवेट क्रेडिट और साइबर खतरे को प्रमुख वित्तीय जोखिमों में गिनाया.
RBI गवर्नर ने कहा कि भारत के मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल और बैंकों व नॉन-बैंक वित्तीय संस्थानों की मजबूत बैलेंस शीट वैश्विक झटकों से निपटने में मदद कर सकती हैं. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा जोखिम तत्काल वित्तीय संकट का संकेत नहीं हैं.
