फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से आग्रह किया है कि एयर इंडिया की AI171 दुर्घटना पर उसके तकनीकी सुझावों पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की अंतिम रिपोर्ट जारी होने से पहले औपचारिक रूप से विचार किया जाए. संगठन ने स्वतंत्र तकनीकी प्रतिभागी के तौर पर जांच रिपोर्ट की समीक्षा प्रक्रिया में शामिल किए जाने की मांग की है.

FIP ने शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू को पत्र भेजा. संगठन के अनुसार, सरकार या मंत्रालय दुर्घटना की मसौदा रिपोर्ट को प्रसारित या अंतिम रूप देने से पहले किसी स्वतंत्र समिति से जांच कराने पर विचार कर रहा है. FIP ने कहा कि यदि ऐसी समीक्षा व्यवस्था बनाई जाती है तो उसे पेशेवर पायलट समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले स्वतंत्र तकनीकी हितधारक के रूप में औपचारिक जगह दी जानी चाहिए.

पायलट महासंघ ने यह भी अनुरोध किया कि उसके तकनीकी प्रस्तुतिकरण को अंतिम रिपोर्ट जारी होने से पहले औपचारिक और दस्तावेजीकृत तरीके से जांचा जाए. पिछले सप्ताह FIP ने AAIB से बोइंग 787 विमान से जुड़े इलेक्ट्रिकल सिस्टम के साक्ष्यों का व्यापक मूल्यांकन करने की अपील की थी.

AAIB ने जांच में प्रगति की बात कही

AAIB के अनुसार, जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. ब्यूरो ने कहा है कि सभी जांच गतिविधियां पूरी होने और जरूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा व परामर्श प्रक्रियाओं के बाद अंतिम रिपोर्ट जारी की जाएगी. जांच दल ने दुर्घटना से जुड़े तकनीकी, परिचालन, संगठनात्मक और मानवीय पहलुओं की जांच की है. हालांकि, AAIB ने अब तक विशिष्ट निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए हैं.

12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हुई, जबकि जमीन पर 19 लोगों की जान गई. एक यात्री जीवित बचा था. दुर्घटना में विमान के सभी 12 crew members की भी मौत हुई थी.