भारत में वायु प्रदूषण अब केवल स्वास्थ्य और पर्यावरण की समस्या नहीं रहा, बल्कि इसका सीधा असर कारोबार और आर्थिक उत्पादकता पर पड़ रहा है. FICCI-EY की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदूषण से देश को सालाना करीब 95 अरब डॉलर का कारोबारी नुकसान हो सकता है. यह नुकसान कम उत्पादकता, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और कामकाजी प्रक्रियाओं में बाधा से जुड़ा है.
रिपोर्ट में प्रदूषण से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हर साल लगभग 1.3 अरब कार्यदिवसों के नुकसान का अनुमान दिया गया है. अत्यधिक प्रदूषित अवधि में कर्मचारियों की उत्पादकता 8 से 10 प्रतिशत तक घट सकती है. इसका असर विशेष रूप से बाहरी वातावरण में काम करने वाले श्रमिकों, कम आय वाले परिवारों और पहले से बीमार लोगों पर पड़ता है.
सालभर की रणनीति पर जोर
रिपोर्ट के मुताबिक, वायु प्रदूषण से जुड़ी आर्थिक क्षति भारत के सकल घरेलू उत्पाद के 9 से 9.5 प्रतिशत तक हो सकती है. इसमें स्वास्थ्य खर्च, समय से पहले होने वाली मौतों और उत्पादकता में कमी का प्रभाव शामिल है.
विशेषज्ञों ने PM2.5 पर स्पष्ट लक्ष्य, स्थानीय स्तर पर निगरानी, निर्माण स्थलों की धूल पर नियंत्रण, स्वच्छ औद्योगिक तकनीक और अस्पतालों में प्रदूषण-संबंधी बीमारियों की निगरानी बढ़ाने की सिफारिश की है. रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि स्वच्छ हवा को केवल सर्दियों की आपात प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि सालभर की सार्वजनिक स्वास्थ्य और आर्थिक नीति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए.
