केंद्र सरकार ने विमान किराए से जुड़े नए नियम अधिसूचित किए हैं. Bharatiya Vayuyan Niyam, 2026 के तहत अगर सरकार किसी स्थिति को असाधारण मानती है और जनहित में हस्तक्षेप जरूरी समझती है, तो वह एयरलाइनों को किराए के संबंध में लिखित निर्देश दे सकती है. ऐसे निर्देश परिस्थितियों के अनुपात में होंगे और केवल तय अवधि तक लागू रहेंगे.

नियमों के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में एयरलाइंस परिचालन लागत समेत अन्य कारकों के आधार पर अपना टैरिफ तय करेंगी. निर्धारित श्रेणी की घरेलू एयरलाइनों को अपने टैरिफ की जानकारी DGCA को देनी होगी. DGCA इन किरायों की निगरानी करेगा.

नए प्रावधानों के तहत एयरलाइनों को अपनी वेबसाइट और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किराए प्रकाशित करने होंगे. बुकिंग के समय और टिकट पर यात्री से वसूली जाने वाली कुल रकम स्पष्ट रूप से दिखानी होगी. बेस किराया, टैक्स, फीस, रद्दीकरण शुल्क, रिफंड की शर्तें और अन्य शुल्क अलग-अलग बताने होंगे.

ये नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे और Aircraft Rules, 1937 की जगह लेंगे. प्रावधान स्थायी किराया सीमा तय नहीं करते.