ई-कॉमर्स कंपनी Amazon ने कहा है कि उसके Amazon Global Selling कार्यक्रम के जरिए भारत से होने वाला संचयी निर्यात 27 अरब डॉलर को पार कर गया है. कंपनी के मुताबिक, पिछले एक साल में इस कार्यक्रम से जुड़े निर्यातकों की संख्या 20 प्रतिशत बढ़कर 2.4 लाख हो गई है.

Amazon ने बताया कि यह उपलब्धि 2030 तक भारत से 80 अरब डॉलर के संचयी ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाने के उसके लक्ष्य की दिशा में प्रगति दर्शाती है. वर्ष 2015 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत अब तक भारत में बने एक अरब से अधिक उत्पाद Amazon के वैश्विक मार्केटप्लेस पर ग्राहकों को बेचे जा चुके हैं.

कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, कार्यक्रम से जुड़े निर्यातकों की संख्या के मामले में दिल्ली 36,000 से अधिक निर्यातकों के साथ सबसे आगे है. इसके बाद राजस्थान में 32,500 से अधिक, उत्तर प्रदेश में 29,000 से अधिक, गुजरात में 28,000 से अधिक और महाराष्ट्र में 23,500 से अधिक निर्यातक हैं.

छोटे शहरों में तमिलनाडु के इरोड के निर्यातकों की बिक्री जनवरी 2025 से 2026 की तीसरी तिमाही तक 121.5 मिलियन डॉलर से अधिक रही. पिछले 10 वर्षों में स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत देखभाल उत्पादों में 45 प्रतिशत, किराना में 44 प्रतिशत, सौंदर्य उत्पादों में 42 प्रतिशत और खिलौनों में 35 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की गई.