Amazon ने भारत में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में 2030 तक 7 अरब डॉलर यानी करीब ₹65,393 करोड़ निवेश करने की योजना की घोषणा की है. यह निवेश भारत में पहले से अनुबंधित 4 अरब डॉलर की परियोजनाओं के अतिरिक्त बताया गया है.

कंपनी ने भारत में कुल 934 मेगावाट क्षमता वाली चार नई पवन और सौर ऊर्जा परियोजनाओं का भी ऐलान किया है. इनमें कर्नाटक में 234 मेगावाट का विंड फार्म शामिल है, जिसे Amazon ने एशिया में अब तक की अपनी सबसे बड़ी अनुबंधित पवन ऊर्जा परियोजना बताया है.

कर्नाटक में ही 200 मेगावाट क्षमता की हाइब्रिड सौर-पवन परियोजना विकसित की जाएगी. इसके अलावा मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट की सौर परियोजना और राजस्थान में 200 मेगावाट की सौर परियोजना शामिल हैं.

Amazon के अनुसार, इन परियोजनाओं के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट यानी PPA किए गए हैं. कंपनी ने कहा कि परियोजनाएं चालू होने के बाद भारत में उसका नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो 2 गीगावाट से अधिक हो जाएगा. इससे हर साल 35 लाख से अधिक भारतीय परिवारों की जरूरत के बराबर बिजली पैदा होने का अनुमान है.

कंपनी का कहना है कि इस निवेश से वह भारत में कार्बन-मुक्त ऊर्जा खरीदने वाली प्रमुख कॉरपोरेट कंपनियों में शामिल हो जाएगी.