Amazon ने भारत में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं पर 2030 तक 7 अरब डॉलर निवेश करने की योजना की घोषणा की है. कंपनी के अनुसार, यह निवेश उसके भारत में पहले से अनुबंधित 4 अरब डॉलर के नवीकरणीय ऊर्जा निवेश के अतिरिक्त होगा.
कंपनी ने चार नई यूटिलिटी-स्केल पवन और सौर परियोजनाओं का भी ऐलान किया है. इनकी संयुक्त क्षमता 934 मेगावाट होगी. प्रस्तावित परियोजनाओं में कर्नाटक में 234 मेगावाट का पवन संयंत्र, इसी राज्य में 200 मेगावाट की सौर-पवन परियोजना, मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट का सौर प्रोजेक्ट और राजस्थान में 200 मेगावाट की सौर परियोजना शामिल हैं.
इन परियोजनाओं को बिजली खरीद समझौतों के जरिये विकसित किया जाएगा. Amazon के मुताबिक, भारत में उसके मौजूदा और नए अनुबंधित प्रोजेक्ट चालू होने पर 2 गीगावाट से अधिक क्षमता उपलब्ध होगी, जो 35 लाख से ज्यादा भारतीय घरों की सालाना बिजली जरूरत के बराबर है.
कंपनी ने यह निवेश अपने परिचालन में इस्तेमाल होने वाली बिजली की कार्बन तीव्रता को 2030 तक 65% घटाने के वैश्विक लक्ष्य से भी जोड़ा है.
