अंबुजा सीमेंट्स ने करीब ₹14,500 करोड़ के ग्रोथ कैपेक्स कार्यक्रम के तहत लगभग 30 MTPA नई सीमेंट क्षमता जोड़ने की योजना बनाई है. कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030 तक कुल उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 155 MTPA करना है.

कंपनी के अनुसार, विस्तार में पश्चिमी क्लस्टर में 15.5 MTPA, पूर्वी क्लस्टर में 11.6 MTPA और उत्तरी क्लस्टर में 2.9 MTPA नई ग्राइंडिंग क्षमता शामिल है. ये परियोजनाएं असम, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित हैं.

प्रमुख योजनाओं में असम के उमरांगसो में 4 MTPA, महाराष्ट्र के मराठा में 4 MTPA और गुजरात के मुंद्रा में 2.3 MTPA नई क्लिंकर क्षमता भी शामिल है. कंपनी की मौजूदा सीमेंट क्षमता 113.5 MTPA है, जो 24 इंटीग्रेटेड प्लांट और 24 ग्राइंडिंग यूनिट में फैली है.

मार्च 2027 तक क्षमता 119 MTPA का लक्ष्य

कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में 4.6 MTPA क्षमता जोड़े जाने की जानकारी दी है. वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में 5.6 MTPA क्षमता के चालू होने या उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है, जिससे मार्च 2027 तक कुल क्षमता 119 MTPA हो सकती है.

अंबुजा सीमेंट्स के मुताबिक, बाजारों के करीब नई क्षमता स्थापित होने से माल पहुंचाने की दूरी और लॉजिस्टिक्स लागत घटाने में मदद मिलेगी. कंपनी ने वित्त वर्ष 2028 तक विनिर्माण लागत ₹4,000 प्रति टन तक लाने का लक्ष्य भी रखा है.