बैंक ग्राहकों को राहत मिली है. 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है. इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात हुई बैठक में हड़ताल टालने पर सहमति बनी.

हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार से बुधवार तक बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा. इससे ग्राहकों को जमा, निकासी और अन्य बैंकिंग सेवाओं के लिए प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल से होने वाली संभावित परेशानी नहीं होगी.

पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था पर कमेटी

बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की है. बैठक में इस मांग पर विचार करने के लिए हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमति बनी. इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया.

यूनियनों की अन्य मांगों में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना की विसंगतियां दूर करना, खाली पदों पर भर्ती करना और पुरानी पेंशन योजना बहाल करना शामिल है. सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर भी बैंक कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से मांग उठा रहे हैं.

प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में सामान्य कार्यदिवस की तरह कामकाज की व्यवस्था की गई थी. रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के निर्देश के बाद शाखाओं, करेंसी चेस्ट और संबंधित इकाइयों को खोलने की तैयारी की गई थी.