Bharat Heavy Electricals Limited (BHEL) और Titagarh Rail Systems Limited ने 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट्स के व्यापक रखरखाव के लिए 50:50 संयुक्त उपक्रम बनाने का समझौता किया है. दोनों कंपनियों का यह कदम भारतीय रेलवे के उस अनुबंध से जुड़ा है, जिसकी कुल कीमत करीब ₹24,000 करोड़ बताई गई है.

इस परियोजना के तहत 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट्स का डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति की जानी है. अनुबंध में इन ट्रेनसेट्स के 35 वर्षों तक रखरखाव का प्रावधान भी शामिल है. BHEL के अनुसार, ऑर्डर की सप्लाई संबंधी हिस्से की कीमत ₹9,600 करोड़ है, जबकि शेष राशि दीर्घकालिक रखरखाव से जुड़ी है.

टिटागढ़ की जानकारी के मुताबिक, ट्रेनों की अंतिम असेंबली रेलवे की चेन्नई और लातूर स्थित सुविधाओं में की जानी है. परियोजना के तहत सरकारी उत्पादन इकाइयों और ट्रेनसेट डिपो का उन्नयन भी प्रस्तावित है.

अप्रैल 2025 में टिटागढ़ के उत्तरपाड़ा, पश्चिम बंगाल स्थित संयंत्र में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के लिए समर्पित उत्पादन लाइन शुरू की गई थी.