बिलासपुर में 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मियों की प्रस्तावित हड़ताल रहेगी. इस दौरान बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है. हालांकि, हड़ताल से पहले रविवार को सभी बैंक शाखाएं सामान्य दिनों की तरह खुली रहेंगी और ग्राहक बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम करा सकेंगे.

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम आलोक रंजन के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक ने हड़ताल को देखते हुए रविवार को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने का निर्देश दिया है. उन्होंने ग्राहकों से अपील की है कि वे शाखाओं से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरे कर लें.

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल की घोषणा की है. बैंक प्रबंधन के मुताबिक, हड़ताल के दौरान जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी, लेकिन शाखाओं के बंद रहने से आम ग्राहकों को दिक्कत हो सकती है.

ग्राहकों के लिए बैंकिंग विकल्प

ग्राहक नकदी की जरूरत के लिए एटीएम या ADWM का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्र, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI और SBI की YONO जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग किया जा सकता है.

बैंकर्स क्लब, बिलासपुर के समन्वयक ललित अग्रवाल ने बताया कि शाखाएं बंद रहने के बावजूद इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है.