कनाडाई कैफे ब्रांड blenz ने भारत में अपना पहला आउटलेट मुंबई में शुरू किया है. अभिनेता और उद्यमी जैकी भगनानी तथा रकुल प्रीत सिंह ने 13 नवंबर को मुंबई के फोर बंगलोज, वर्सोवा स्थित गुरुकृपा ध्यानम में इस आउटलेट का उद्घाटन किया.

भारत में blenz की एंट्री के लिए जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह ने Invision Brands तथा Franchise India Group के साथ साझेदारी की है. यह लॉन्च ब्रांड के भारत में कारोबार शुरू करने और अंतरराष्ट्रीय विस्तार को आगे बढ़ाने की दिशा में पहला कदम है.

भारत में blenz की गतिविधियों का नेतृत्व UpLyv Global Ventures Private Limited की संस्थापक और CEO डॉ. पूजा सिंह कर रही हैं. कंपनी भारत में blenz की Area Developer है और Invision Brands तथा Franchise India Group के साथ मिलकर ब्रांड के विस्तार की देखरेख करेगी.

कंपनी की योजना 2027 तक भारत के प्रमुख बाजारों में 40 आउटलेट खोलने की है. इस विस्तार के लिए 120 करोड़ रुपये से अधिक निवेश का लक्ष्य रखा गया है. प्रस्तावित नेटवर्क में महानगरों के साथ उभरते बाजारों को भी शामिल किया जाएगा. विस्तार की रणनीति में फ्रेंचाइजी साझेदारों की भूमिका महत्वपूर्ण रहने की बात कही गई है.

मुंबई के पहले आउटलेट के जरिए blenz भारतीय ग्राहकों तक अपने कनाडाई कैफे अनुभव और हस्तनिर्मित पेय पहुंचाने की योजना बना रहा है. ब्रांड का दावा है कि वह रोजमर्रा के कैफे अनुभव के लिए अलग तरह की पेशकश पर ध्यान देगा.

यह साझेदारी जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह की उद्यमशील गतिविधियों को blenz तथा उसके भारतीय साझेदारों की विस्तार योजनाओं से जोड़ती है. मुंबई आउटलेट के बाद कंपनी अगले कुछ वर्षों में देश के अन्य बाजारों में उपस्थिति बढ़ाने की तैयारी कर रही है.